अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक में फर्जी ऋण का एक मामला प्रकाश में आया है। जिससे हड़कंप मच गया।
पुलिस में दी तहरीर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस से मिली जानकारी अनुसार उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक शाखा अल्मोड़ा के प्रबंधक समीर भटनागर ने कोतवाली में तहरीर सौंपी। जिसमें बताया कि हिमांशु कुमार पुत्र रतन सिंह, निवासी मानपुर पश्चिम देवलचौड़ हल्द्वानी वर्तमान में लोनिवि लोहाघाट में तैनात हैं। आरोपी ने स्वयं को फर्जी दस्तावेजों में अधीक्षण अभियंता प्रथम वृत्त लोनिवि अल्मोड़ा दिखाकर अल्मोड़ा शाखा से कर्मचारी ऋण योजना के तहत 31 मई 2025 को 19 लाख रुपये की ऋण सीमा प्राप्त की। किश्त का भुगतान आरोपी के वेतन खाते से होना था। इस बीच 20 सितंबर को काशीपुर शाखा से जानकारी मिली कि आरोपी इससे पूर्व 18.50 लाख रुपये का ऋण स्थानीय शाखा से ले चुका है। उस दौरान उसका वेतन काशीपुर शाखा से आहरित होता था। जांच हुई तो सामने आया कि आरोपी ने पहले सहकर्मियों के साथ मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेज बना स्वयं को अल्मोड़ा में तैनात दिखाया। इसके बाद फर्जी दस्तावेजों से वेतन खाता अल्मोड़ा स्थानांतरित कर 19 लाख रुपये का ऋण ले लिया।
जांच शुरू
कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि प्रबंधक की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।