अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के द्वारा गठित क्विक रिस्पांस टीम जिसमें औषधि निरीक्षक अल्मोड़ा पूजा जोशी एवं औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी शामिल थे के द्वारा आज जनपद अल्मोड़ा में सघन अभियान चलाया गया।
चलाया सघन अभियान
इस मौके पर कोडीन युक्त कफ़ सिरप, मनः प्रभावी औषधियों की बिक्री एवं सी सी टी वी की उपलब्धता एवं रिकॉर्डिंग का गहन सत्यापन किया गया। साथ ही एंटीबायोटिक दवाओं का चिकित्सीय पर्चे पर बिक्री भी सत्यापित की गई। उक्त अभियान के तहत जनपद अल्मोड़ा के लोअर मॉल रोड, बेस अस्पताल क्षेत्र स्थित विभिन्न मेडिकल प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी रिटेल एवम् होलसेल मेडिकल प्रतिष्ठानों पर औषधि विक्रय हेतु वैध लाइसेंस की उपलब्धता तथा पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में औषधियों का क्रय-विक्रय सुनिश्चित कराया गया। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि कोडीन युक्त कफ सिरप एवं मन:प्रभावी (Psychotropic) औषधियाँ एवं एंटीबायोटिक दवाये केवल विधिवत चिकित्सकीय पर्चे (प्रिस्क्रिप्शन) पर ही दी जाएँ।
जारी रहेगा अभियान
निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की स्थापना व उनकी रिकॉर्डिंग की भी गहन जांच की गई।
औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का उद्देश्य कोडीन युक्त कफ सिरप एवं मनः प्रभावी दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाना और आम जनता, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रखना है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित मेडिकल स्टोरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे औषधियाँ केवल पंजीकृत एवं लाइसेंसधारी थोक विक्रेताओं से ही क्रय करें तथा किसी भी औषधि की गुणवत्ता के संबंध में संदेह होने पर तत्काल औषधि प्रशासन को सूचित करें। कहा कि जनपद बागेश्वर में भी प्रवर्तन की सख्त कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।