अल्मोड़ा: प्रधान संगठन में बगावत! गुपचुप चुनाव कराने पर भड़के ब्लॉक अध्यक्ष, चुनाव को बताया ‘अलोकतांत्रिक’

अल्मोड़ा: जनपद में प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। हवालबाग, द्वाराहाट, चौखुटिया और सोमेश्वर के ब्लॉक अध्यक्षों ने गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे पूरी तरह ‘अलोकतांत्रिक’ और ‘असंवैधानिक’ करार दिया है।

कहीं यह बात

​ब्लॉक अध्यक्षों ने एक संयुक्त बयान जारी कर आरोप लगाया कि उन्हें चुनाव की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। उनका कहना है कि संगठन के नियमों को ताक पर रखकर यह प्रक्रिया अपनाई गई है। जिस पर देवेंद्र सिंह नयाल (अध्यक्ष, हवालबाग) ने कहा कि कुछ लोग व्यक्तिगत राजनीतिक लाभ के लिए संगठन को मोहरा बना रहे हैं। बिना कोरम पूरा किए और प्रतिनिधियों को बुलाए चुनाव कराना हार के डर को दर्शाता है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। कहा कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन न करना स्वयंभू तरीके से पद हथियाने जैसा है। अगर संगठन की पारदर्शिता बहाल नहीं हुई, तो हम अलग रास्ता चुनने को बाध्य होंगे।
किशन कुवार्बी (अध्यक्ष, द्वाराहाट)‌ ने इस प्रक्रिया को अनैतिक बताते हुए कहा कि सभी ब्लॉक अध्यक्षों को विश्वास में लेना अनिवार्य था। भूपेंद्र बोरा (अध्यक्ष, चौखुटिया) एवं उमेश मेहरा (अध्यक्ष, सोमेश्वर) ने स्पष्ट किया कि उन्हें कार्यक्रम की जानकारी तक नहीं थी। पारदर्शी प्रक्रिया के बिना इसे ‘चुनाव’ की संज्ञा नहीं दी जा सकती।

संगठन में फूट की चेतावनी

​हवालबाग अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस ‘एकतरफा’ चुनाव को तत्काल निरस्त नहीं किया गया और सभी इकाइयों को विश्वास में लेकर दोबारा चुनाव नहीं कराए गए, तो उपेक्षित ब्लॉक अध्यक्ष अपना अलग संगठन बनाने को मजबूर होंगे। इससे जिले में प्रधान संगठन के विभाजन की स्थिति पैदा हो सकती है।