अल्मोड़ा: आगामी 28 मार्च को राजस्व लोक अदालत प्रस्तावित, तैयारियों को लेकर दिए यह निर्देश

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जनपद में संचालित राजस्व कार्यों, अदालती कार्यों तथा राजस्व बोर्ड एवं शासन स्तर से संचालित विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में शनिवार को राजस्व अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन

इस बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों के निस्तारण में गंभीरता लाई जाए तथा नियत अवधि के भीतर मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आगामी 28 मार्च को प्रस्तावित राजस्व लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए सभी तहसीलों में आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा इसके लिए उपयुक्त स्थानों का चिन्हीकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में अल्मोड़ा तहसील में संचालित पायलट कार्यक्रम “नक्शा” के अंतर्गत किए जा रहे सर्वेक्षण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यह कार्य पूर्ण शुद्धता एवं सावधानी के साथ किया जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर इसकी प्रगति सुनिश्चित की जाए।

दिए जरूरी दिशा-निर्देश

उन्होंने किसान रजिस्ट्री के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसमें गति लाई जाए। चूंकि किसान रजिस्ट्री में पंजीकरण का कार्य कृषि विभाग द्वारा किया जाना है, इसलिए कृषि विभाग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा अपेक्षित सहयोग प्रदान किया जाए। कार्य में किसी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अंश निर्धारण तथा डिजिटल फसल सर्वेक्षण जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रमों की तहसीलवार प्रगति का भी अवलोकन किया गया। अपर जिलाधिकारी ने दैनिक प्रगति की समीक्षा करते हुए जिन तहसीलों में कार्य अपेक्षाकृत धीमा पाया गया, उन्हें निर्धारित दैनिक लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा बैठक में डिजिटाइजेशन से संबंधित कार्यों, फार्मर  रजिस्ट्रियों के अद्यतन, राजस्व वादों की प्रगति तथा अन्य महत्वपूर्ण राजस्व विषयों पर भी विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।