अल्मोड़ा: कल लगेगी ‘राजस्व लोक अदालत’, वर्षों से लंबित मामलों का होगा तुरंत निपटारा

अल्मोड़ा: अल्मोड़ाजनपद में राजस्व संबंधी विवादों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए कल 28 मार्च 2026 को विशेष “राजस्व लोक अदालत” का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद प्रशासन ने इसकी तैयारियाँ तेज कर दी हैं।

सभी राजस्व न्यायालयों में होगा आयोजन

इस पहल का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों के बोझ को कम करना और जनता को सुलभ न्याय दिलाना है। उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में आयोजित होने वाली इस लोक अदालत का दायरा विस्तृत रखा गया है। जनपद के सभी प्रमुख राजस्व न्यायालयों में एक साथ सुनवाई होगी, जिनमें शामिल हैं-
• ​कलेक्ट्रेट एवं अपर जिलाधिकारी न्यायालय।
• ​सभी उपजिलाधिकारी (SDM) न्यायालय।
• ​तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालय।

बार एसोसिएशन से मांगा सहयोग

​कलेक्ट्रेट प्रशासन ने स्थानीय बार एसोसिएशन को इस संबंध में औपचारिक जानकारी साझा करते हुए सक्रिय सहयोग की अपील की है। जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं से अपेक्षा की है कि वे वादकारियों (पक्षकारों) को लोक अदालत में आने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि आपसी सहमति और समझौते के आधार पर पुराने विवादों को हमेशा के लिए समाप्त किया जा सके। जिलाधिकारी ने संबंधित न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इस विशेष दिन के लिए चिन्हित वादों की सूची पहले से तैयार कर लें।