अल्मोड़ा: जनगणना-2027 के लिए ‘स्व-गणना’ अभियान इतने अप्रैल से, डीएम ने जारी किए यह निर्देश

अल्मोड़ा: जनपद में आगामी जनगणना-2027 की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। जनगणना के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं गणना) के तहत नागरिकों को ‘स्व-गणना’ के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।

दिशा निर्देश जारी

इस संबंध में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए अभियान की रूपरेखा स्पष्ट की है। जनपद में गणना कार्य को दो चरणों में विभाजित किया गया है।
• ​स्व-गणना अवधि: 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक।
• ​क्षेत्रीय गणना (डोर-टू-डोर): 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक।

जनप्रतिनिधि बनेंगे मिसाल

​जिलाधिकारी ने बताया कि भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय के निर्देशों के अनुसार, इस प्रक्रिया की शुरुआत जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों से की जाएगी। सांसद, मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और ग्राम प्रधान सबसे पहले अपनी स्व-गणना करेंगे, ताकि समाज के अन्य नागरिक उनसे प्रेरित होकर इस डिजिटल पहल का हिस्सा बनें।

सरकारी कर्मचारियों को मिला लक्ष्य

​प्रशासन ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए सरकारी मशीनरी को सक्रिय कर दिया है। प्रत्येक सरकारी कर्मचारी को 10 अप्रैल से 14 अप्रैल के बीच कम से कम 200 व्यक्तियों की स्व-गणना सुनिश्चित कराने का लक्ष्य दिया गया है। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीन कार्यरत कर्मचारियों की शत-प्रतिशत स्व-गणना सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा ऊ”स्व-गणना से न केवल प्रक्रिया सरल होगी, बल्कि जनगणना के आंकड़ों में शुद्धता और पारदर्शिता भी आएगी। मैं जनपदवासियों से अपील करता हूँ कि इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।”

कैसे करें स्व-गणना

​नागरिक घर बैठे आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। प्रशासन का मानना है कि ऑनलाइन माध्यम अपनाने से समय की बचत होगी और त्रुटियों की संभावना न्यूनतम रहेगी।