अल्मोड़ा: 534 टिन अवैध लीसे के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने जब्त किया लाखों की कीमत का माल

​अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहरफाटक-मोरनौला मार्ग पर चेकिंग अभियान के दौरान अवैध लीसे की एक बड़ी खेप पकड़ी है। टीम ने वाहन से 534 टिन अवैध लीसा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।


​किया गिरफ्तार

​मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम अल्मोड़ा-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहरफाटक-मोरनौला मार्ग क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध प्रतीत होने पर पिकअप वाहन (संख्या UK 04 CB 1569) को रोका गया। वाहनों की तलाशी लेने पर उसमें 534 टिन लीसा भरा हुआ मिला। जब पुलिस व वन टीम ने चालक से लीसे के परिवहन से संबंधित वैध कागजात मांगे, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

​वाहन सीज

​वैध कागजात न मिलने पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया और बरामद अवैध लीसे को धौलादेवी (जागेश्वर) स्थित लीसा डिपो में सुरक्षित रखवा दिया। मामले में आरोपी चालक बलवंत सिंह (पुत्र कैलाश सिंह), निवासी गंगोलीहाट को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।


​जांच जारी

​मामले की जानकारी देते हुए डीएफओ प्रदीप कुमार धौलाखंडी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और वन विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं और कौन-कौन शामिल हैं।