अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जिले में अब सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए खास पहल की शुरुआत की गई है।
रोड सेफ्टी कार्नर
जिसमें विद्यार्थी खेल-खेल में सड़क सुरक्षा के नियम सीखेंगे। मिली जानकारी के लिए अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के प्राथमिक विद्यालयों में परिवहन विभाग की ओर से रोड सेफ्टी कार्नर बनाए जा रहे हैं। पहले चरण में अल्मोड़ा के प्राथमिक विद्यालय फलसीमा, स्यालीधार, द्वारसों और कठपुड़िया में यह कार्नर स्थापित किए जा चुके हैं। जिससे अब बच्चे यातायात नियमों को जानेंगे। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस अभिनव पहल का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा की जागरूकता फैलाना है।
दिया जाएगा खास संदेश
इन रोड सेफ्टी कार्नर में विद्यार्थियों को संवादात्मक और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा की शिक्षा दी जाएगी। साथ ही विद्यालय की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग्स बनाकर गुड समेरिटन कानून, हिट एंड रन मामलों की जागरूकता, सड़क पर चलने के 10 स्वर्णिम नियम और यातायात संकेत चिह्नों को दर्शाया गया है।