अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय (एसएसजे विवि) की अंतरमहाविद्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज अल्मोड़ा के हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में हो गया है।
प्रतियोगिता का आयोजन
जानकारी के अनुसार इस प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में पिथौरागढ़ और बेरीनाग महाविद्यालय की टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपने-अपने मैच जीत लिए। इस प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं एसएसजे विवि के खेल प्रशिक्षक लियाकत अली खान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच बागेश्वर और पिथौरागढ़ परिसर के बीच खेला गया। जिसमें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पिथौरागढ़ की टीम ने निर्धारित ओवरों में शानदार खेल दिखाते हुए 178 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए तरुण और कुलदीप ने अहम पारियां खेलीं, दोनों ने 38-38 रनों का महत्वपूर्ण योगदान (कुलदीप नाबाद) दिया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बागेश्वर की टीम पिथौरागढ़ की आक्रामक गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी और पूरी टीम 104 रनों पर ही सिमट गई। इस प्रकार पिथौरागढ़ ने बड़े अंतर से मैच अपने नाम किया।
दूसरा मुकाबला
दिन का दूसरा मुकाबला बेरीनाग महाविद्यालय और टनकपुर महाविद्यालय के बीच खेला गया, जिसमें बेरीनाग की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। बेरीनाग की जीत में बल्लेबाज पार्थिव कुमार की अहम भूमिका रही, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को मजबूती दी।
रहे मौजूद
रोमांचक मुकाबलों के दौरान मैच में अंपायर की भूमिका राजेंद्र सिंह राणा और दीपक रौतेला ने निभाई। इस अवसर पर खेल प्रेमियों और महाविद्यालय के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से कैलाश मेहरा, भूपेंद्र सिंह बगड़वाल, भूमिका, राहुल कुमार, पंकज बिष्ट समेत कई खेल प्रेमी और शिक्षकगण मौजूद रहें।