देघाट (अल्मोड़ा): एसएसपी चन्द्रशेखर घोडके ने सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को जनपद के सुदूरवर्ती थाना देघाट का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कानून व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।
व्यवस्थाओं का निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत एसएसपी को दी गई सलामी के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने निम्नलिखित व्यवस्थाओं की जांच की। जिसमें कार्यालय और सीसीटीएनएस (CCTNS) के कार्यों की समीक्षा करते हुए ऑनलाइन जीडी और आईआईएफ फॉर्म को समय पर फीड करने के निर्देश दिए। मालखाना, बंदी गृह, कर्मचारी बैरिक और भोजनालय के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई। थाने के समस्त अभिलेखों की प्रविष्टियां चेक की गईं और सरकारी संपत्ति के उचित रखरखाव के निर्देश दिए गए।
लंबित मामलों पर सख्त रुख
एसएसपी ने विवेचनाओं और शिकायती पत्रों की समीक्षा करते हुए कार्यप्रणाली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लंबित विवेचनाओं और शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित की जाए। थाने में लंबे समय से खड़े मुकदमाती वाहनों और माल के निस्तारण की कार्यवाही तेज हो।
दिए निर्देश
अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई, व्यापक सत्यापन अभियान और जनता के बीच जन-जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही, जवानों की शस्त्र हैंडलिंग क्षमता को भी परखा गया।
जनता दरबार
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनने के लिए ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया। कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके उपरांत, उन्होंने पुलिस कर्मियों का सम्मेलन लेकर उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं को सुना। उन्होंने निर्माणाधीन थाना भवन का भी निरीक्षण किया और कार्यदाई संस्था को गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
रहेउपस्थित
इस अवसर पर थानाध्यक्ष श्री अजेन्द्र प्रसाद, उप निरीक्षक श्री गंगाराम गोला सहित थाने के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे