अल्मोड़ा: एसएसपी ने संभाला मोर्चा, पर्यटन सीजन को लेकर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

अल्मोड़ा: आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए अल्मोड़ा पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। इसी क्रम में बीते कल गुरुवार को एसएसपीचंद्रशेखर घोडके ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए नगर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों का पैदल भ्रमण किया।

दिए जरूरी निर्देश

इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए। एसएसपी घोडके ने माल रोड, चौघानपाटा, केमू स्टेशन, टैक्सी स्टैंड, शिखर तिराहा और एलआर साह रोड सहित शहर के मुख्य चौराहों का दौरा किया। उन्होंने नगर निगम पार्किंग की स्थिति और यातायात के दबाव को समझा ताकि बाहर से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को आवाजाही में परेशानी न हो।

नियम तोड़ने वालों पर होगी यह कार्यवाही

​पर्यटन सीजन में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए एसएसपी ने यातायात प्रभारी/इंटरसेप्टर श्री सुमित पांडे को स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से निम्नलिखित उल्लंघनों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही।
• ​नो पार्किंग में वाहन खड़े करना।
• ​दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट ड्राइविंग।
• ​खतरनाक तरीके से वाहन चलाना (रेस ड्राइविंग) और रेट्रो साइलेंसर का प्रयोग।
• ​ड्रिंक एंड ड्राइव और वन-वे व्यवस्था का उल्लंघन।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

​सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए कोतवाली प्रभारी योगेश चंद्र उपाध्याय को निर्देशित किया गया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए। एसएसपी ने संदिग्ध तत्वों पर पैनी नजर रखने, पिकेट ड्यूटी को सक्रिय करने और पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) बढ़ाने के आदेश दिए ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बना रहे।

रहे मौजूद

​निरीक्षण के दौरान एसएसपी के साथ प्रभारी निरीक्षक कोतवाली योगेश चंद्र उपाध्याय, एलआईयू इंस्पेक्टर मनोज भारद्वाज, दूरसंचार निरीक्षक उमा शंकर पांडे और यातायात प्रभारी सुमित पांडे सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।