अल्मोड़ा: जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस का सघन चेकिंग अभियान जारी है।
पुलिस की कार्यवाही
इसी कड़ी में यातायात पुलिस ने शीशों पर अवैध रूप से काली फिल्म लगाए तीन वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मौके पर ही फिल्म हटवा दी और चालकों के चालान काटे। एसएसपी
चंद्रशेखर घोडके के निर्देशों के क्रम में 24 नवंबर को सीओ यातायात बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात हयात सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान तीन वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगी मिली, जो नियमों के विरुद्ध थी। पुलिस टीम ने तत्काल तीनों वाहनों से मौके पर ही काली फिल्म उतरवाई और संबंधित चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की।
दी सख्त हिदायत
अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ वाहनों में काली फिल्म, अवैध मॉडिफिकेशन या अन्य नियम विरुद्ध बदलाव न करने के प्रति जागरूक किया गया तथा सख्त हिदायत दी गई।