अल्मोड़ा: बिना प्राधिकरण/लाइसेंस के नशीली दवाओं की बिक्री करने वालों के विरुद्ध हो कठोर कार्रवाई- डीएम

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जनपद में मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनकॉर्ड की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

दिए जरूरी निर्देश

जिसमें कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में आयोजित बैठक में जनपद में मादक द्रव्यों, प्रीकर्सर केमिकल (पूर्वगामी रसायन) आदि के दुरुपयोग को रोकने हेतु सख्त निगरानी एवं समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बिना प्राधिकरण/लाइसेंस के नशीली दवाओं की बिक्री करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने नशा पीड़ित व्यक्तियों की पहचान कर उनका समुचित पुनर्वास सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। स्वास्थ्य विभाग एवं नशा मुक्ति केंद्रों को निर्देशित किया गया कि वे पीड़ित व्यक्तियों की नियमित काउंसलिंग, उपचार एवं आवश्यकतानुसार पुनर्वास केंद्रों में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। नशा छोड़ चुके व्यक्तियों की भी निरंतर काउंसलिंग कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए गए।

की यह समीक्षा

बैठक में क्षेत्र में नशीले पदार्थों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। इसके लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। युवाओं एवं विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने हेतु विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल गतिविधियों तथा एनसीसी/एनएसएस के माध्यम से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए ठोस एवं निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

रहें उपस्थित

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ योगेश पुरोहित, जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया तथा विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।