अल्मोड़ा: अनाथ कोटे का फर्जी सर्टिफिकेट लगाकर MBBS में लिया दाखिला, पोल खुलने पर छात्र का दाखिला रद्द, मुकदमा दर्ज

अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान में फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने का एक मामला सामने आया है।

जानें मामला

मिली जानकारी के अनुसार काॅलेज प्रशासन की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी छात्र के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। जानकारी के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026 के दौरान संस्थान में एमबीबीएस में प्रवेश प्रक्रिया चल रही थी। इस प्रक्रिया के दौरान जसपुर निवासी मोहम्मद शमी ने दाखिला पाने के लिए ‘अनाथ एवं परित्यक्त बच्चों’ की श्रेणी से संबंधित एक प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया था। जब इस प्रमाणपत्र की विभागीय और प्रशासनिक स्तर पर गहन जांच की गई, तो वह पूरी तरह फर्जी पाया गया। इस मामला सामने आते ही कालेज प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित छात्र का प्रवेश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया था।


​मुकदमा दर्ज

​प्रवेश निरस्त करने के साथ ही कालेज प्रशासन ने इस धोखाधड़ी के संबंध में कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर सौंपी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही जांच की जा रही है।