अल्मोड़ा: मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण, दो के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति, तीन को नोटिस

अल्मोड़ा: उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/ अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में दिनांक- 28/03/2026 को शचि शर्मा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा व पूजा जोशी ड्रग इंस्पेक्टर अल्मोड़ा द्वारा “सुरक्षित दवा-सुरक्षित जीवन” अभियान के अनुक्रम में रानीखेत  के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया।

दिए यह निर्देश

इस निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड दवाईयों की जांच की गयी एवं मेडिकल स्टोर संचालकों के लाइसेंस भी चेक किए गए।निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं के क्रम में तीन मेडिकल स्टोरों से सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये।मिली अनियमितताओं के क्रम में दो मेडिकल स्टोर के लाइसेंस को निलंबित करने की संस्तुति की गई।कुछ मेडिकल स्टोरों में एक्सपायरी बॉक्स नियमानुसार नहीं बनाए गए थे, एक्सपायरी दवाईया भी मिली, कैश मेमो मैंटेन नहीं किए जा रहे थे, सी.सी टीवी रिकॉर्डिंग नहीं दिखाई गई, नार्कोटिक्स रजिस्टर का रख रखाव सही तरह से नहीं किया जा रहा था, फार्मासिस्ट मौजूद नहीं थे,दवाओं का रख रखाव सही तरह से नहीं किया गया था जो की जन स्वास्थ्य के लिये हानिकारक है। मेडिकल स्टोरों में नियमानुसार कैश मेमो मैंटेन करने, लेबल्ड एक्सपायरी बॉक्स बनाने, सभी ग्राहकों को बिल उपलब्ध कराने, एक्सपायरी दवाइयों के सही रख रखाव व साफ सफाई बनाए रखने आदि निर्देश दिए गये।