अल्मोड़ा: सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर सख्ती से करें कार्रवाई- डीएम

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में सड़क सुरक्षा समिति की कलेक्ट्रेट में एक बैठक आयोजित हुई।

दिए जरूरी निर्देश

जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में यह बैठक आयोजित हुई। इस बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सड़क सुरक्षा मानकों के पालन, दुर्घटना-जनित ब्लैक स्पॉट्स के सुधार, यातायात प्रबंधन व जन-जागरूकता अभियानों को प्रभावी रूप से संचालित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई करने, ब्लैक स्पॉट्स की नियमित मॉनिटरिंग कर आवश्यक सुधार कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों का विस्तार किया जाए। यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग प्रभावी चेकिंग अभियान चलाए। जिलाधिकारी ने संबंधितों को निर्देश दिए कि सभी मजिस्ट्रियल जांचे निर्धारित समय पर संपन्न की जाएं। यदि किसी दुर्घटना में प्रभावितों को मुआवजा दिया जाना हो, तो यह प्रक्रिया विभागीय समन्वय से जल्द से जल्द पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा जनभागीदारी से ही संभव है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें तथा आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करें।

रहें मौजूद

इस बैठक में एसएसपी देवेंद्र पींचा, एडीएम युक्ता मिश्र, आरटीओ अनीता चंद समेत अन्य मौजूद रहे।