अल्मोड़ा: कल अपने गंतव्य पहुंचेगी ‘गोलू देवता’ की भव्य यात्रा, खास है महत्व





अल्मोड़ा: देवभूमि उत्तराखंड के न्याय के देवता के रूप में पूजे जाने वाले चितई गोलू देवता की भव्य डोली यात्रा अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही है।


होगा भव्य स्वागत


मिली जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल से शुरू हुई यह यात्रा 4 मई को अल्मोड़ा नगर में प्रवेश करेगी।

आयोजन समिति के अनुसार, 4 मई को यात्रा का कार्यक्रम विशेष रूप से भव्य होगा। जिसमें यात्रा सिद्ध नौला से शुरू होकर अल्मोड़ा के मुख्य बाजार क्षेत्र से होते हुए गुजरेगी। पूरे नगर भ्रमण के बाद यात्रा प्रसिद्ध मां नंदा देवी मंदिर के प्रांगण में पहुंचेगी, जहाँ विशाल भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।नंदा देवी मंदिर में दर्शन के पश्चात यात्रा गैराड़ स्थित गोलू देवता मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी, जहाँ रात्रि विश्राम होगा। आयोजकों ने समस्त भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गोलू देवता का आशीर्वाद प्राप्त करें।


खास है महत्व


​गोलू देवता को उत्तराखंड की लोक संस्कृति में ‘न्याय का प्रतीक’ माना जाता है। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम भी है।