अल्मोड़ा: जागेश्वर में 108 एंबुलेंस खराब होने से घंटों तक तड़पता रहा मरीज

अल्मोड़ा के जागेश्वर क्षेत्र से जुड़ी खबर सामने आई है । घायल को लाने जागेश्वर पहुंची एक 108 एंबुलेंस खराब हो गई। इस दौरान करीब चार घंटे तक घायल एंबुलेंस में तड़पता रहा।

एक कान शरीर से अलग हो गया था

स्थानीय निवासी नाथु भट्ट ने बताया कि बीते बुधवार करीब तीन बजे जागेश्वर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका एक कान शरीर से अलग हो गया था। अत्यधिक रक्तस्राव होने पर पुलिस ने 108 सेवा को कॉल किया। धौलादेवी की 108 सेवा व्यस्त होने के कारण धौलछीना से एंबुलेंस बुलाई गई। 108 एंबुलेंस करीब चार बजे जागेश्वर पहुंच गई थी। एंबुलेंस स्टाफ ने घायल का प्राथमिक उपचार किया और उसे अस्पताल की ओर लाने की तैयारी शुरू हुई।तभी पता चला कि एंबुलेंस का एक्सल टूट चुका है।

मरीज एंबुलेंस में ही तपड़ता रहा

शाम साढ़े सात बजे तक एंबुलेंस ठीक होने का इंतजार चलता रहा। इस दौरान घायल एंबुलेंस में ही तड़पता रहा। उसके बाद लमगड़ा से एंबुलेंस बुलाई गई। रात करीब आठ बजे तक मरीज एंबुलेंस में ही तपड़ रहा था। उस समय तक लमगड़ा से भी एंबुलेंस नहीं पहुंची थी। दन्या थाने के एसओ सुशील कुमार ने बताया कि जागेश्वर पहुंचा एक व्यक्ति हादसे में घायल हो गया था। पुलिस को मौके पर भेजते हुए तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचित कर दिया गया था।