अल्मोड़ा: एसएसपी ने जवानों के साथ लगाई दौड़, परेड ग्राउंड में परखी शारीरिक दक्षता और अनुशासन, बोले- “अनुशासन और टीमवर्क ही उत्कृष्ट पुलिसिंग की कुंजी”

​अल्मोड़ा: जनपद पुलिस बल में अनुशासन, एकरूपता और कार्यकुशलता बनाए रखने के उद्देश्य से आज शुक्रवार को पुलिस लाइन अल्मोड़ा के परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया।

परेड का आयोजन

इस मौके पर एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने स्वयं परेड की कमान संभालते हुए जवानों की दक्षता का जायजा लिया और उन्हें शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में एसएसपी ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद जवानों में ऊर्जा और उत्साह भरने के लिए उन्होंने खुद जवानों के साथ दौड़ लगाई। इस दौरान जवानों को नियमित व्यायाम और बेहतर शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने का संदेश दिया गया। परेड में जवानों को तेज चाल, ड्रिल, स्क्वाड ड्रिल, बलवा ड्रिल की विभिन्न पार्टियों की कार्यप्रणाली और शस्त्राभ्यास का गहन अभ्यास कराया गया। जवानों को हथियारों को खोलने, जोड़ने, वेपन हैंडलिंग और उनकी तकनीकी जानकारियों का बारीकी से प्रशिक्षण दिया गया, ताकि आपात परिस्थितियों में वे त्वरित और सटीक कार्रवाई कर सकें।

कहीं यह बात

एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने कहा कि अनुशासन, टीमवर्क और शारीरिक फिटनेस ही उत्कृष्ट पुलिसिंग की आधारशिला हैं। पुलिस बल का चुस्त-दुरुस्त रहना आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए बेहद जरूरी है।
​

निर्माण कार्यों का लिया जायजा

परेड संपन्न होने के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक श्री मोहित कुमार को कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

​रहे उपस्थित

इस अवसर पर सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेन्द्र सिंह कुंवर, सीओ संचार राजीव कुमार सहित जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन एवं फायर सर्विस के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।