अल्मोड़ा बनेगा नशा मुक्त, डीएम की सख्ती, सार्वजनिक स्थलों पर नशा करने वालों के लिए गठित होगी विशेष टीम

अल्मोड़ा: जनपद को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ जिला स्तरीय समिति (एनकोर्ड) की बैठक मंगलवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।

बैठक का आयोजन

इस बैठक में नशे के कारोबार पर नकेल कसने और मादक पदार्थों की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के लिए कड़े कदम उठाने का निर्णय लिया गया। जिसमें जिलाधिकारी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और इसके लिए पूरे नेटवर्क को तोड़ना आवश्यक है।
​सार्वजनिक स्थलों पर होगी कड़ी निगरानी

​बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष छापामारी टीम के गठन के निर्देश दिए गए। बताया कि इस टीम में प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। टीम को नियमित छापेमारी करने और उसकी साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
​चलेगा जागरूकता अभिया

​नशे की गिरफ्त से युवाओं को दूर रखने के लिए जिलाधिकारी ने विद्यालयों और महाविद्यालयों में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल छात्रों को ही नहीं, बल्कि उनके अभिभावकों को भी जागरूक करना जरूरी है ताकि घर से लेकर स्कूल तक नशे के खिलाफ एक मजबूत सुरक्षा घेरा तैयार किया जा सके।
​अधिकारियों को ‘जीरो टॉलरेंस’ के निर्देश

​बैठक में पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने और निर्धारित कार्ययोजना के तहत गंभीरता से काम करने की हिदायत दी।

रहें उपस्थित

​इस बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार सहित चिकित्सा और समाज कल्याण विभाग के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।