अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जनपद के टोटाम चेरीधार क्षेत्र में आज शनिवार को एक सड़क हादसा हो गया, जहां एक कैंटर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
खाई में गिरा वाहन
इस दुर्घटना में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार इसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ (SDRF) और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 200 मीटर गहरी खाई से चालक का शव बरामद किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज (28 नवंबर 2026) जिला नियंत्रण कक्ष (DCR) अल्मोड़ा से एसडीआरएफ पोस्ट भिकियासैंण को टोटाम चेरीधार के पास एक कैंटर के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली। वाहन में चालक के होने की जानकारी मिलते ही अपर उप निरीक्षक सुंदर बोरा के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि वाहन बेहद गहरी खाई में गिरा पड़ा है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और खाई की अत्यधिक गहराई के बीच एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद टीम ने करीब 200 मीटर नीचे खाई से चालक का शव बाहर निकाला।
मृतक की पहचान
मृतक चालक की पहचान हीरा सिंह (उम्र 35 वर्ष), पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी नंदप्रयाग घाट, जनपद चमोली के रूप में की गई है। रेस्क्यू टीम ने शव को खाई से निकालकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया है।