अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। जो मासूम जनता को अपना शिकार बना रहें हैं। एक ऐसा ही मामला चौखुटिया से सामने आया है।
साइबर ठगों का जाल
मिली जानकारी के अनुसार ठग ने चौखुटिया निवासी एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाया है। पुलिस को ऑनलाइन पोर्टल पर मिली शिकायत के अनुसार, चौखुटिया निवासी पीड़ित से एक अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन संपर्क किया था। हालांकि, पीड़ित ने अपनी शिकायत में घटना की सटीक तिथि और डराने के मुख्य कारण का उल्लेख नहीं किया है, लेकिन उसने बताया कि आरोपी ने उसे किसी बात को लेकर गंभीर रूप से डराया और धमकाया। लोक-लाज या किसी कानूनी कार्रवाई के डर से पीड़ित ठगों के झांसे में आ गया और उसने ₹1 लाख की रकम गंवा दी। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब एक्शन मोड में है। कोतवाल अशोक कुमार ने बताया कि पीड़ित की ऑनलाइन शिकायत के आधार पर कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की मदद से आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट्स और बैंक ट्रांजैक्शन की डिटेल खंगाली जा रही है।