अल्मोड़ा: भारत रत्न पं0 गोविन्द बल्लभ पंत की 65वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन, उनके योगदान को किया याद

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में प्रभारी निदेशक, राजकीय संग्रहालय, डॉ0 चन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि भारत रत्न पं0 गोविन्द बल्लभ पंत की 65वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज राजकीय संग्रहालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन

इस अवसर पर पं0 पंत की प्रतिमा में पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पं0 पंत महान स्वतंत्रता सेनानी, कुशल प्रशासक एवं दूरदर्शी राजनेता थे। उन्होंने संयुक्त प्रांत के प्रधानमंत्री के रूप में 1937 से 1939 तक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में 1946 से 1954 तक तथा भारत के केन्द्रीय गृहमंत्री के रूप में 1954 से 07 मार्च, 1961 तक देश की निष्ठापूर्वक सेवा की। उनके सशक्त नेतृत्व, दूरदर्शिता एवं समर्पण ने लोकतंत्र तथा सामाजिक न्याय की मूल भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने प्रशासनिक सुधारों, शिक्षा के विस्तार तथा जनकल्याणकारी नीतियों को आगे बढ़ाने में उल्लेखनीय कार्य किया। राष्ट्रभाषा हिन्दी के प्रसार तथा राष्ट्रीय एकता को सृदृढ़ करने के लिए उनके प्रयास सदैव स्मरणीय रहेंगे। इस अवसर पर उपस्थित सभी कर्मचारियों ने पं0 गोविन्द बल्लभ पंत के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।

रहें उपस्थित

इस अवसर पर शिवराज सिंह बिष्ट, अखिलेश कुमार मौर्या, जन्मजेय तिवारी, रवि बिष्ट सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।