अल्मोड़ा: चोरी की दो घटनाओं का खुलासा: पुलिस ने नेपाल निवासी दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, 100% माल बरामद

​अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के सख्त निर्देशों के बाद कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का महज़ कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया

पुलिस की कार्यवाही

पुलिस ने मामले में संलिप्त नेपाल निवासी दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई चांदी, आभूषण, सरसों के तेल के टिन और फ्रिज समेत शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार जौहरी बाजार स्थित ‘रूद्रा इंटरप्राइजेज’ के मालिक हनुमंत सावंत ने 1 अक्टूबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान से शुद्ध चांदी, आभूषण और धातु के टुकड़े चोरी कर लिए हैं। इस पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया। 2 अक्टूबर 2026 को माल रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर निगम कॉम्प्लेक्स निवासी हरीश चन्द्र जोशी ने तहरीर दी कि 27-28 सितंबर की रात चोरों ने उनके गोदाम से सरसों के तेल के 07 टिन और गोदरेज कंपनी का एक फ्रिज उड़ा लिया है।
​पुलिस ने किया गिरफ्तार

​मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक योगेश चन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सर्विलांस और ठोस सुरागरसी की मदद से 2 अक्टूबर को ही दोनों अभियुक्तों विनोद सार्की (21 वर्ष), पुत्र डिल्ली सार्की, निवासी जिला कालीकोट, नेपाल व नेत्र सार्की (20 वर्ष), पुत्र जीता सार्की, निवासी जिला कालीकोट, नेपाल‌‌ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर शत-प्रतिशत चोरी का माल बरामद किया है।
• ​चांदी व आभूषण में 482 ग्राम शुद्ध चांदी, 497 ग्राम चांदी के जेवर (लक्ष्मी की मूर्ति, पायल, धागुले, छत्र, बिछुए आदि), चांदी की मुहर और तांबा-कैडमियम के टुकड़े।
• ​गोदाम का सामान में 07 टिन सरसों का तेल और 01 गोदरेज फ्रिज।
​
पुलिस टीम रहें शामिल

पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बेस अनिल जोशी, अपर उ0नि0 कैलाश जोशी, कांस्टेबल खुशाल राम, विजय कार्की और एसओजी के राकेश खेतवाल शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।