अल्मोड़ा: जिलेभर में राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रम

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। आज राज्य स्थापना दिवस है। इस अवसर पर जिलेभर में आज धूमधाम के साथ राज्य स्थापना दिवस मनाया गया।

विभिन्न योजनाओं की दी जानकारी

राज्य स्थापना दिवस के मौके पर डीएम विनीत तोमर ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सबका प्रयास राज्य को निरंतर विकास के पथ पर ले जाने का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक अपनी अपनी जिम्मेदारियों को समझकर कार्य करेंगे तो हम अपने राज्य को समृद्ध राज्य बना सकेंगे। क्षेत्रीय विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि राज्य को शिक्षा, नवाचार, आर्थिक एवं संस्कृति रूप से उन्नत राज्य बनाना है। इस मौके पर नगर के रैमजे इंटर कॉलेज के सभागार में बहुउद्देशीय शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में जनपद स्तरीय अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को सुना और विभिन्न योजनाओं की जानकारियां दी।

राज्य आंदोलनकारियों को किया याद

भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को राज्य स्थापना दिवस पर राज्य आंदोलनकारियों को याद किया। पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा ने कहा कि भाजपा ने जन भावनाओं के अनुरूप उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया और आज केंद्र व राज्य की सरकार मिलकर उत्तराखंड को सजाने संवारने का काम कर रही है। उन्होंने इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई व राज्य के आंदोलनकारियो को याद किया।

क्रॉस कंट्री का आयोजन

मालरोड स्थित चौघनपाटा से क्रॉस कंट्री दौड़ को मुख्य अतिथि देवभूमि द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कोच डीके सेन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद दौड़ चौघानपाटा से शुरू होकर पुलिस लाइन वापस चौघानपाटा में समाप्त हुई। क्रॉस कंट्री दौड़ के ओपन पुरूष वर्ग में गौरव, महिला वर्ग में भावना बिष्ट, अंडर-14 बालक-बालिका वर्ग में हिमांशु रावत और कशिश जोशी ने बाजी मारी। विजेताओं को मौके पर ही खेल विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया।