अल्मोड़ा जाने वाले ध्यान दें! 8 और 9 सितंबर को NH-109 पर भारी वाहनों और बसों की नो-एंट्री, पढ़ें पूरा ट्रैफिक प्लान

अल्मोड़ा: लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-109) के किलोमीटर 56 और क्वारब बाईपास मार्ग पर कल 8 और 9 सितंबर 2026 को भारी वाहनों और यात्री बसों का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

हालांकि, हल्के वाहन और एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं बाईपास मार्ग से चलती रहेंगी। आज सोमवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने प्रभावित क्वारब बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थरों, मलबे और कीचड़ के कारण संभावित हादसों को रोकने के लिए प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया है।

यात्रियों और चालकों के लिए वैकल्पिक रूट

• ​भारी वाहनों और यात्री बसों के लिए: अल्मोड़ा–विश्वनाथ–शहरफाटक मार्ग (स्टेट हाईवे-13) और खैरना–रानीखेत मार्ग (स्टेट हाईवे-14) को वैकल्पिक रास्ते के रूप में तय किया गया है।
• ​हल्के और आपातकालीन वाहनों के लिए: क्वारब बाईपास मार्ग पूर्व की तरह खुला रहेगा।