अयोध्या। रामनवमी के पावन पर्व पर आज अयोध्या नगरी एक ऐतिहासिक पल की साक्षी बनी। इस मौके पर आज दोपहर ठीक 12:00 बजे अभिजीत मुहूर्त में प्रभु रामलला का भव्य ‘सूर्य तिलक’ संपन्न हुआ।
पीएम ने देखा सीधा प्रसारण
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आधुनिक विज्ञान और सनातन परंपरा के मेल से साक्षात सूर्य देव की किरणों ने करीब 4 मिनट तक बालक राम के मस्तक को सुशोभित किया। बेंगलुरु के वैज्ञानिकों द्वारा निर्मित विशेष दर्पण और लेंस प्रणाली के जरिए सूर्य की किरणों को परावर्तित कर सीधे रामलला के ललाट तक पहुँचाया गया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस अलौकिक दृश्य का सीधा प्रसारण देखा और प्रभु राम की विशेष पूजा-अर्चना की। जन्मोत्सवके दौरान गर्भगृह में 14 विशेष पुजारी मौजूद रहे और प्रभु को पीले रंग के भव्य वस्त्र पहनाए गए।
दिखा अद्भुत नजारा
वहीं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर के कपाट सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक खुले रखे गए हैं।ट्रस्ट के अनुसार, यह वैज्ञानिक उपकरण अगले 19 वर्षों तक बिना किसी बदलाव के इसी सटीकता से सूर्य तिलक करने में सक्षम है। देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं ने दूरदर्शन और सोशल मीडिया के माध्यम से इस खगोलीय घटना का सीधा आनंद लिया।