बागेश्वर: बागेश्वर में जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी अकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जनता दरबार का आयोजन
जनता दरबार में सड़क, बिजली, पेयजल, सुरक्षा दीवार निर्माण तथा मुआवजा वितरण से संबंधित कुल 25 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों के क्रम में मण्डलसेरा क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान हेतु जल निगम एवं जल संस्थान को संयुक्त निरीक्षण कर पेयजल योजना जल संस्थान को हस्तांतरित करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। शहर में आवारा पशुओं को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने के लिए अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को आवश्यक कार्रवाई करने, बेड़ा मझेड़ा में खराब पड़े सोलर हैंडपंप की मरम्मत तथा हड़बाड़ के बच्ची गांव में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने हेतु जल संस्थान एवं जल निगम को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दिए यह निर्देश
इसके अतिरिक्त नेकाना-दाड़ीमखेत-डेशखाता मोटर मार्ग में कुछ व्यक्तियों द्वारा उत्पन्न की जा रही बाधा के संबंध में उपजिलाधिकारी गरुड़ तथा चौरा-अनेरिया-मजबे-नायल उपाध्याय मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य में हो रही देरी के संबंध में उपजिलाधिकारी बागेश्वर को संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन एवं जनपद स्तरीय हेल्पलाइन ‘हैलो बागेश्वर’ पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को अपने स्तर से भी शिकायतों की समीक्षा करने, शिकायतों के निस्तारण के साथ-साथ शिकायतकर्ताओं से शत-प्रतिशत कॉलिंग कर फीडबैक प्राप्त करने के भी निर्देश दिए।
रहें उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।