बागेश्वर: मानसून के दौरान संभावित आपदाओं को देखते हुए बागेश्वर की जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने बुधवार को नगर क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों का औचक निरीक्षण किया।
किया निरीक्षण
इस दौरान जिलाधिकारी ने मंडलसेरा वार्ड स्थित कुंती नाला, ढुंगाड़ नाला और कंट्रीवाइड स्कूल के पास निर्माणाधीन कलमठ (कलवर्ट) का जायजा लिया और जल निकासी व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए। कुंती नाला में चल रहे चेक डैम निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य न केवल उच्च गुणवत्ता वाले होने चाहिए, बल्कि इन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना अनिवार्य है। निगरानी के लिए उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को हर 15 दिन में कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
ढुंगाड़ नाले की बदहाली पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान ढुंगाड़ नाले में सफाई व्यवस्था और झाड़ी कटान का काम अधूरा मिलने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा, “मानसून के दौरान जन-धन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी की जानी चाहिए ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।” सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता हामिद हसन ने बताया कि कुंती नाला का निर्माण 462.12 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसमें 900 मीटर लंबा, 2 मीटर चौड़ा और 2 मीटर गहरा पक्का नाला बनाया जा रहा है, जिसे 20 सेमी मोटी स्लैब से कवर किया जाएगा। ऊपरी हिस्से में चेक डैम के साथ-साथ रिटेनिंग वॉल का निर्माण भी प्रस्तावित है। वहीं, ढुंगाड़ नाला परियोजना पर 187.73 लाख रुपये की लागत से 550 मीटर लंबा नाला बनाया जाएगा।
रहें उपस्थित
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता हामिद हसन, सहायक अभियंता स्नेहा बिष्ट, तहसीलदार रीतू गोस्वामी सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।