बागेश्वर: मनरेगा के कार्यों की स्वीकृति नहीं मिलने पर ग्राम प्रधानों में आक्रोश, डीएम को सौंपा ज्ञापन

बागेश्वर से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां मनरेगा की कार्ययोजना में चढ़ाए गए विकास कार्यों की स्वीकृति नहीं मिलने पर ग्राम प्रधानों में आक्रोश व्याप्त है।

ज्ञापन में कहीं यह बात-

जिस पर कपकोट ब्लॉक के आक्रोशित ग्राम प्रधानों ने डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया कि वीडीओ और मनरेगा सहायकों की मौजूदगी में हुई खुली बैठकों में सुरक्षा दीवार लगाने के लिए तैयार किए गए कार्यों को अस्वीकार किया जा रहा है जबकि प्रस्तावित कार्य ऑनलाइन हो गए हैं और पूर्व से भी सुरक्षा दीवार के कार्य मनरेगा के माध्यम से कराए गए हैं। जिसमें कहा कि कपकोट क्षेत्र आपदाग्रस्त है। मानसून काल में कई स्थानों पर सुरक्षा दीवार गिरने से लोगों के घरों और खेतों के लिए खतरा बना है। इन स्थानों पर सुरक्षा दीवार नहीं बने तो सैकड़ों घर और कई हेक्टेयर उपजाऊ जमीन को नुकसान हो सकता है। प्रधानों ने कहा कि अगर मनरेगा के तहत सुरक्षा दीवार के निर्माण की अनुमति नहीं मिलती और प्रस्तावित कार्यों को जल्द पूरा नहीं कराया गया तो सभी ग्राम प्रधान खुली बैठकों का बहिष्कार करेंगे। साथ ही 10 अक्तूबर को ब्लॉक में तालाबंदी कर बेमियादी आंदोलन की चेतावनी दी।