बागेश्वर: हेली सेवा संचालन के विरोध में छात्र संघ के एक गुट ने दिया धरना, डीएम के आश्वासन पर हुए शांत

बागेश्वर से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां पहली बार हेली सेवा पंहुची है जो लोगों को सैर करा रही है। लेकिन वहीं नगर पालिका, प्रशासन के लिए यह परेशानी भी पैदा कर रही है।

हेलीसेवा का किया विरोध

यहां बुधवार को छात्र संघ ने डिग्री कॉलेज प्रशासन की अनुमति के बिना उनके मैदान से हेलीसेवा का विरोध किया था, जिससे हेली सेवा संचालित नहीं हुई। दो उड़ान पुलिस लाइन से जरूर हुई। इसके बाद देर सायं जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने छात्र संघ की मांग पर महाविद्यालय मैदान के रखरखाव को एक लाख रूपये प्रदान कर दिए जिस पर छात्रों ने विरोध समाप्त कर दिया।

जिलाधिकारी ने वार्ता कर समझाया

जिसके बाद प्रशासन ने गुरुवार को डिग्री कॉलेज मैदान से हेली सेवा प्रारंभ करने की घोषणा की। लेकिन गुरुवार की सुबह छात्र संघ उपाध्यक्षा नेहा फर्त्याल, कोषध्यक्ष दर्शन जोशी व महासचिव कमलेश कुमार अपने समर्थकों को लेकर हेलीपैड में पहुंच गए। उन्होंने कहा कि वार्ता में उन्हें नहीं बुलाया गया है तथा उन्होंने कोई पैसे भी नहीं लिए हैं। डीएम व छात्र संघ पदाधिकारियों के बीच वार्ता में उपाध्यक्ष समेत कोषाध्यक्ष को न बुलाए जाने पर उन्होंने विरोध जारी रखा। जिस पर जिलाधिकारी ने उन्हें भी वार्ता के लिए बुला लिया। वार्ता करके उन्हें भी समझा दिया। इसके बाद ही नगर में हेली सेवा शुरू हो सकी।