बागेश्वर: दोहरे हत्याकांड से सनसनी, महिला-बच्ची की निर्मम हत्या, मर्डर मिस्ट्री सुलझाने में जुटी पुलिस

बागेश्वर से जुड़ी खबर सामने आई है। बागेश्वर में एक दिल दहला देने वाली घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गरुड़ के पिंगलो क्षेत्र ने एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। इससे कुछ दूरी पर बच्ची का शव मिला।

दो शव मिलने से मचा हड़कंप

मिली जानकारी के अनुसार जिले में बैजनाथ क्षेत्र में पुलिस ने मैगड़ी स्टेट पिंगलो गांव के गोमती नदी से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया है। इसके अलावा एक बच्ची का शव भी बरामद हुआ है। सोमवार की दोपहर खेतों में काम करने आये ग्रामीणों को पिंगलों के हैगाड़ गधेरे में एक महिला का शव दिखाई दिया। महिला का सिर पत्थरों से कुचला हुआ था। अचानक शव देख कर दहशत में आये ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बैजनाथ थानाध्यक्ष कैलाश सिंह बिष्ट पुलिस कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लिया। शव के पेट में चोट के निशान थे और चेहरे को पत्थरों से कुचलने के निशान भी दिखाई दिये।

जांच में जुटी पुलिस

वहीं अज्ञात महिला का शव बरामद होने के कुछ घंटों बाद घटना स्थल से कुछ दूरी पर एक बच्ची का शव भी ग्रामीणों ने देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना भी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके से एक चाकू भी बरामद किया है। पुलिस ने अनुमान लगाया है कि दोनों मां बेटी हो सकते हैं। दोनों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।