बागेश्वर से जुड़ी खबर सामने आई है। बागेश्वर जनपद में सोमवार को किसान दिवस के अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण को समर्पित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन
बागेश्वर, कपकोट एवं गरुड़ विकासखंडों के सभागारों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी स्थलों पर गौचर से आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया, जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों को संबोधित किया। कपकोट विकासखंड में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने की। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाएं। मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने भी विभिन्न विभागीय योजनाओं को आजीविका से जोड़ने पर जोर दिया। मुख्य कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती ने कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका रोडमैप प्रस्तुत किया। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र, काफलीगैर के वैज्ञानिकों ने रबी फसलों में कीट एवं रोग प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी।
दी यह जानकारी
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न रेखीय विभागों द्वारा प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जहां किसानों को उन्नत बीज, कृषि यंत्र एवं सरकारी अनुदानों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।