बागेश्वर से जुड़ी खबर सामने आई है। बागेश्वर में जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर साथ मिलकर एक बेहतर इंटरनेट के लिए (Together for better internet) विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
दी यह जानकारी
जिसमें अधिकारियों, अध्यापकों एवं बच्चों को डिजिटल अपराध, इंटरनेट आदि के बारे में जानकारियां के साथ ही जागरूक एवं सुरक्षित इंटरनेट के इस्तेमाल व सामान्य साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई। कार्यशाला में पंचायतीराज, शिक्षा, बाल विकास, कृषि, स्वास्थ्य,राजस्व एवं ब्लाक स्तर और नगर निकाय के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बताएं यह उपयोग
इस कार्यशाला में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी गौरव ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से उपस्थित अधिकारियों व छात्र-छात्राओं को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, साइबर हाइजीन, साइबर अटैक से सुरक्षा तथा डिजिटल अरेस्ट से बचाव की जानकारी दी। जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में इंटरनेट हमारे जीवन का अभिन्न अंग बन चुका है। यह शिक्षा, संचार, मनोरंजन और व्यवसाय के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रहा है। लेकिन इंटरनेट के लाभों के साथ-साथ इसकी चुनौतियाँ भी हैं, जैसे साइबर अपराध, भ्रामक खबरें, ऑनलाइन बुलिंग और निजता का उल्लंघन। इसी कारण, “टुगेदर फॉर बेटर इंटरनेट” का उद्देश्य एक सुरक्षित, सकारात्मक और उपयोगी डिजिटल वातावरण बनाना है, जहाँ हर व्यक्ति इंटरनेट का सही और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग कर सके।
इंटरनेट की दी जानकारी
एक बेहतर इंटरनेट के लिए समाधान की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सभी को ऑनलाइन सुरक्षा के बारे में जानकारी होनी चाहिए और मजबूत पासवर्ड, एंटी-वायरस सॉफ़्टवेयर और दो-चरणीय प्रमाणीकरण का उपयोग करना चाहिए। सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफार्मों पर जिम्मेदारी पूर्वक व्यवहार करना चाहिए और नकारात्मकता से बचना चाहिए। किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करना आवश्यक है। माता-पिता और शिक्षक बच्चों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की शिक्षा दें और उनके ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही इंटरनेट पर किसी भी अवैध गतिविधि से बचने व साइबर अपराध की स्थिति में उचित प्राधिकरण को रिपोर्ट करने की जानकारी दी गई।
रहें मौजूद
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी,सीईओ जीएस सौन, डीपीआरओ सुंदर लाल समेत अन्य अधिकारी व स्कूली बच्चे मौजूद रहे।