बागेश्वर: जनपद भ्रमण पर सचिव विनोद रतूड़ी, विकास कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

बागेश्वर से जुड़ी खबर सामने आई है। सचिव भाषा विभाग उत्तराखंड शासन विनोद रतूड़ी जनपद भ्रमण पर आए हुए है।

दी यह जानकारी

शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद पहुंचे सचिव भाषा ने मंगलवार को कपकोट विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उतरौडा में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक की व स्थानीय लोंगो से कार्यों की प्रगति के संबंध में प्रतिक्रिया ली। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढ़िया भी मौजूद रहे। इस दौरान सचिव ने कस्तूरबा गाँधी आवासीय विद्यालय उतरौडा का निरीक्षण किया व ग्राम पंचायत की प्रमुख समस्याओं से अवगत होकर उन समस्याओं के तत्काल निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों से दिशा-निर्देश दिए।
सचिव ने कहा कि प्रत्येक गांव का विकास सरकार का लक्ष्य है, सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगो को जरूर उठाना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया तथा धरातलीय स्थिति की जानकारी ली, साथ ही विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। संवाद कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, ग्राम्य विकास विभाग, उद्यान, शिक्षा, पंचायतीराज, बाल विकास, स्वास्थ्य व विद्युत आदि विभागों के अधिकारियों ने विभाग द्वारा किए गए कार्यो सहित संचालित योजनाओं की जानकारियां ग्रामीणों को दी।

सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का विभिन्न माध्यम से करें प्रचार-प्रसार

सचिव ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का विभिन्न माध्यम से प्रचार-प्रसार करें ताकि इन योजनाओं का लाभ आम जन को मिल सके। उन्होंने लोंगो से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए तत्काल स्वंय भी संबंधित विभागों से सम्पर्क करना चाहिए। सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वंय सहायता समूहों की महिलाओं की आजीविका संवर्द्धन के लिए प्रेरित किया जाए। सचिव भाषा ने ग्रामसभा तोली में ट्राउट मछली उत्पादन का भी निरीक्षण किया।

यह लोग रहें मौजूद

इस दौरान  उप जिलाधिकारी अनुराग आर्या, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, खंड विकास अधिकारी ख़्याली राम सहित विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय लोग व जनप्रतिनिधि मौजूद रहें।