भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित निर्धारित कार्यक्रमानुसार उत्तराखंड राज्य में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के लिए मतदान आगामी 14 फरवरी, 2022 को संपन्न होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार 05 राज्यों में निर्वाचन कराये जा रहे है, जिनमें विभिन्न राज्यों में 10 फरवरी से 07 मार्च तक मतदान होंगे। आयोग के दिशा निर्देश पर 10 फरवरी से 07 मार्च तक निर्वाचन के संबंध में किसी प्रकार के एक्जिट पोल का आयोजन करने तथा प्रिंट या इलैक्ट्रानिक मीडिया द्वारा इसके परिणाम के प्रकाशन या प्रचार अथवा किसी भी अन्य तरीके से उसका प्रचार-प्रसार करने पर प्रतिबंध होगा। उन्होंने सभी प्रिंट/इलैक्ट्रॉनिक मीडिया से अपील की है कि वे 10 फरवरी, 2022 से 07 मार्च, 2022 तक एक्जिट पोल का प्रसारण न करें।
विज्ञापनों के लिए अनुमति अनिवार्य-
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान दिवस एवं मतदान दिवस के एक दिन पूर्व अर्थात 13 एवं 14 फरवरी, 2022 को किसी भी राजनैतिक दल या अभ्यर्थी या अन्य किसी संगठन या व्यक्ति द्वारा प्रिंट मीडिया में किसी प्रकार का विज्ञापन प्रकाशित नहीं किया जायेगा, जब तक कि प्रकाशित किये जाने वाला विज्ञापन राज्य/जिला स्तरीय एमसीएमसी कमेटी द्वारा पूर्व प्रमाणित न किया जाय। साथ ही मतदान दिवस एवं मतदान दिवस के एक दिन पूर्व अर्थात 13 एवं 14 फरवरी को प्रकाशित किये जाने वाले विज्ञापनों हेतु राजनैतिक दल या अभ्यर्थी या अन्य किसी संगठन या व्यक्ति द्वारा राज्य स्तरीय/जिला स्तरीय एमसीएमसी कमेटी के समक्ष प्रकाशन की तिथि से दो दिन पूर्व विज्ञापन प्रमाणन हेतु आवेदन करना होगा।