भवाली: कैंची धाम स्थापना दिवस मेला 2026: कैंची धाम मेले के लिए अभेद्य सुरक्षा चक्र तैयार, 1500 से अधिक जांबाज संभालेंगे सुरक्षा की कमान

हल्द्वानी/नैनीताल: विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम के आगामी स्थापना दिवस मेला-2026 को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस और प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है।

हाई-लेवल ब्रीफिंग बैठक

जिस पर मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर शुक्रवार, 12 जून 2026 को मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एक हाई-लेवल ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। यह महत्वपूर्ण बैठक कुमाऊँ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक (IG) निवेदिता कुकरेती कुमार की अध्यक्षता, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रायल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक में मेले की ड्यूटी में तैनात सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को लेकर बेहद सख्त निर्देश दिए गए।
​4 सुपर जोन और 14 जोन में तैनात रहेगा भारी पुलिस बल

​मेले की सुरक्षा और व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए पूरे क्षेत्र को 04 सुपर जोन और 14 जोन में विभाजित किया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी मात्रा में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है, जिसमें शामिल हैं।
• ​वरिष्ठ पुलिस अधिकारी: 03 SSP/SP, 08 अपर पुलिस अधीक्षक (Addl. SP) और 14 क्षेत्राधिकारी (CO)।
• ​थाना स्तर की टीम: 26 इंस्पेक्टर/थाना प्रभारी, 04 ट्रैफिक इंस्पेक्टर (TI), 11 ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर (TSI) और 146 सब-इंस्पेक्टर/अपर सब-सिपाही।
• ​ग्राउंड फोर्स: 475 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 31 ट्रैफिक पुलिस कर्मी और 455 रिक्रूट कांस्टेबल।
• ​विशेष विंग: पीएसी (PAC) की 2 कंपनी व 2 प्लाटून, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 2 कंपनी के साथ-साथ SDRF, फायर ब्रिगेड और बीडीएस (Bomb Detection Squad) की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी।

​सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम

आईजी कुमाऊँ निवेदिता कुकरेती कुमार ने निर्देश दिए कि मंदिर परिसर, प्रवेश द्वार, पार्किंग स्थलों, बैरियरों और प्रमुख मार्गों पर बीडीएस (BDS) द्वारा नियमित रूप से एंटी-सबोटाज जांच की जाएगी। स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) की टीमें भी पूरी तरह एक्टिव मोड में रहेंगी। सुरक्षा और आपसी समन्वय को मजबूत करने के लिए एएसआई (ASI) और उससे उच्च पद के सभी कार्मिकों के पास संचार हेतु वायरलेस हैंडसेट रहेगा। अपर पुलिस अधीक्षक (अभिसूचना)  नरेन्द्र ने भी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट्स साझा किए। नैनीताल के एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र द्वारा बैठक में विस्तृत यातायात और डायवर्जन प्लान की जानकारी दी गई। नैनीताल या कैंची धाम के होटलों में वैध बुकिंग और पार्किंग सुविधा वाले वाहनों की पहचान के लिए विशेष स्टीकर/पास लगाए जाएंगे। मेले के दौरान शटल सेवा, पार्किंग व्यवस्था, खोया-पाया केन्द्र और मीडिया पास की उचित रूपरेखा तैयार की गई है। साथ ही, प्रसाद वितरण के लिए संचालित होने वाले 04 विशेष वाहनों के आवागमन के लिए भी गाइडलाइंस तय की गई हैं।

​पुलिस प्रशासन की जनता से अपील

​नैनीताल पुलिस ने मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता से अपील की है कि वे मेले के दौरान यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, रूट डायवर्जन का सम्मान करें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
​ रहे मौजूद

​इस उच्च स्तरीय ब्रीफिंग में अल्मोड़ा के एसएसपी चंद्रशेखर घोडके, पिथौरागढ़ के एसपी अक्षय कौंडे, बागेश्वर के एसपी जितेंद्र मेहरा, उपसेनायक (31 पीएसी) मिथिलेश कुमार, उपसेनायक (IRB 1) बीर सिंह, उपसेनायक (46वीं पीएसी) विमल आचार्य, अपर पुलिस अधीक्षक (CID हल्द्वानी) दीपशिखा अग्रवाल, सिटी मजिस्ट्रेट ए बी बाजपेयी, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका सिंह, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी और क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद सहित सीएपीएफ व अन्य विभागों के अधिकारी व पुलिस कार्मिक उपस्थित रहे।