भवाली: कैंची धाम मेला और पर्यटन सीजन को लेकर जरूरी फैसला: नैनीताल, हल्द्वानी समेत कई क्षेत्रों में आधी रात तक खुल सकेंगी दुकानें

भवाली: विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। साथ ही ग्रीष्मकालीन अवकाश और पर्यटन सीजन के चलते उत्तराखंड में उमड़ रही श्रद्धालुओं व पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एक जरूरी फैसला लिया है।

एसएसपी ने दिए निर्देश

जानकारी के अनुसार इसके तहत पर्यटकों और स्थानीय जनता की सुविधा के लिए अब यात्रा मार्गों पर स्थित दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान मध्यरात्रि (आधी रात) तक खुले रह सकेंगे।
​इस संबंध में एसएसपी नैनीताल डॉ मंजूनाथ टीसी ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस विशेष व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और अन्य पर्यटकों को रात के समय भी भोजन, दवाइयां, आवश्यक वस्तुएं और अन्य जरूरी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराना है।
​11 से 16 जून तक लागू रहेगी विशेष व्यवस्था

​एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देशों के अनुसार, 11 जून से 16 जून तक यात्रा, मेला और पर्यटन क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख मार्गों पर विशेष सतर्कता और सहयोग की नीति अपनाई जाएगी। पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वे इन मार्गों पर स्थित व्यापारिक प्रतिष्ठानों के सुचारू संचालन में व्यापारियों का आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करें। यह ढील जनपद के प्रमुख पर्यटन और यात्रा मार्गों पर लागू होगी, जिसमें मुख्य रूप से निम्नलिखित क्षेत्र शामिल हैं।
• ​नैनीताल
• ​भीमताल
• ​भवाली
• ​रामनगर
• ​हल्द्वानी
• ​काठगोदाम