सुबह की ताजा खबरें (7 जुलाई, विश्व चॉकलेट दिवस)

◆ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में अग्रदूत समाचार पत्र समूह की स्‍वर्ण जयंती समारोहों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया।

◆सरकार ने कोविड टीकाकरण की दूसरी और एहतियाती खुराक के बीच के अंतर को 9 महीने से घटाकर 6 महीने किया।

◆ पंजाब में मंत्रिमंडल ने राज्य में हर घर को प्रति माह बिजली की 600 यूनिट मुफ्त उपलब्ध कराने के निर्णय को मंजूरी दे दी।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया।

◆ राष्ट्रपति चुनाव से पहले, शिवसेना ने लोकसभा में अपने मुख्य सचेतक को बदल दिया है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखे पत्र में शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा है कि पार्टी ने भावना गवली के स्थान पर राजन विचारे को तत्काल प्रभाव से मुख्य सचेतक के रूप में नामित किया है।

◆ झारखंड से राज्यसभा सांसद और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया।
राज्यसभा सांसद के रूप में नकवी का कार्यकाल कल समाप्त हो रहा है।

◆ चीन में भारत के राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने कहा कि ब्रिक्स देश मिलकर विश्व अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान कर सकते हैं और इसके लिए यह ज़रूरी नहीं कि अन्य अंतर्राष्ट्रीय गुटों से उनके कोई मतभेद हों।

◆ मौसम विभाग ने कहा-देश के कई हिस्सों में अगले पांच से सात दिनों तक मॉनसून जारी रहेगा।

◆ महिला हॉकी विश्व कप में भारत आज अपने अंतिम पूल मैच में न्यूजीलैंड से खेलेगा।

◆ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा मुस्लिम धर्म गुरू द्वारा घोषित 9 या 10 जुलाई को बकरीद मनाई जाएगी। बकरीद के दिन कुर्बानी सार्वजनिक स्थल पर नहीं हो जो निर्धारित स्थल हो या जहां पर होता आया है वहीं पर हो। कुर्बानी विवादित जगहों पर नहीं होनी चाहिए।

◆ भारत के राष्ट्रपति, जैसा कि प्रधानमंत्री ने सलाह दी थी, केंद्रीय मंत्रिपरिषद से मुख्तार अब्बास नकवी और राम चंद्र प्रसाद सिंह के इस्तीफे को तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया है। स्मृति ईरानी को उनके मौजूदा पोर्टफोलियो के अलावा अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय का प्रभार सौंपा जाएगा।

◆ ज्योतिरादित्य सिंधिया को उनके मौजूदा पोर्टफोलियो के अलावा, इस्पात मंत्रालय का प्रभार सौंपा जाएगा।

◆ राजस्थान कैबिनेट ने मृतक उदयपुर में कन्हैया लाल के पुत्र यश तेली और तरुण तेली को राज्य सेवा में नियुक्त करने का निर्णय लिया।

◆ पी टी उषा, इलैयाराजा, वीरेंद्र हेगड़े और वी. विजयेंद्र प्रसाद गारू को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है।

◆ उदयपुर और अमरावती हत्याकांड के विरोध में बुधवार को राजस्थान के पाली में सड़क पर उतरे हज़ारों लोग।

◆ ट्विटर ने कर्नाटक हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की है। इसमें भारत सरकार के दिए उस हालिया आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें ट्विटर से कई अकाउंट ब्लॉक करने और कॉन्टेंट हटाने को कहा गया था।