रामगंगा नदी को पार कर रहे वनकर्मी पर मगरमच्छ ने किया हमला, ऐसे बची जान

रामनगर से जुड़ी खबर सामने आई है। रामनगर में विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के अंतर्गत पड़ने वाले ढिकाला रेंज के सर्पदुली क्षेत्र से एक हैरान मामला सामने आया है।

वनकर्मी पर झपटा मगरमच्छ

मिली जानकारी के अनुसार यहां गश्त के दौरान रामगंगा नदी को पार कर रहे वनकर्मी पर मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया। जिससे वनकर्मी ने अपने आप को हिम्मत से छुड़ाया। सर्पदुली रेंज के रेंज अधिकारी बिंदर पाल ने बताया कि मंगलवार की सुबह 55 वर्षीय वन दरोगा अब्दुल सलाम चार अन्य कर्मचारियों के साथ गश्त पर निकले थे। तब मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया। मगरमच्छ से अपने आप को छुड़ाने के लिए वनकर्मी ने काफी संघर्ष किया और अन्य साथियों ने भी मगरमच्छ से उन्हें छुड़ाया।

अस्पताल में चल रहा इलाज

लेकिन तब तक मगरमच्छ द्वारा अब्दुल सलाम के शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह जख्मी कर दिया गया था। घायल वनकर्मी को उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।