16 दिसंबर: धनु संक्रान्ति आज, सूर्य धनु राशि में करेंगे प्रवेश, पितृ तर्पण, दान, आध्यात्मिक शुद्धि के लिए महत्वपूर्ण दिन, जानें शुभ मुहूर्त

आज 16 दिसंबर 2025 है। आज धनु संक्रान्ति है। हिंदू पंचांग के अनुसार हर माह सूर्य जब एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं तो उसे संक्रांति कहा जाता है। पौष माह में भगवान सूर्य धनु राशि में प्रवेश करते हैं, तो धनु संक्रांति का पर्व मनाया जाता है। धनु संक्रांति अत्यंत पावन दिन होता है।धनु संक्रांति के दिन से एक मास का खरमास लग जाता है। फिर भगवान सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने पर खरमास की अवधि समाप्त होती है। भगवान सूर्य 12 राशियों में से जिस किसी राशि में प्रवेश करते हैं, उसके नाम पर संक्रांति का पर्व मानाया जाता है
सूर्य देव के राशि परिवर्तन करने की तिथि पर संक्रांति मनाई जाती है। इस शुभ अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा समेत पवित्र नदियों में स्नान-ध्यान करते हैं। इसके बाद विधिवत सूर्य देव की पूजा करते हैं।

जानें शुभ मुहूर्त

हिंदू पंचांग के अनुसार भगवान सूर्य 16 दिसंबर 2025, मंगलवार के दिन सुबह 04 बजकर 26 मिनट पर वृश्चिक राशि से निकलकर धनु में प्रवेश करने वाले हैं।  इसी के साथ खरमास की शुरुआत हो जाएगी। ऐसे में इस साल 16 दिसंबर को धनु संक्रांति का पर्व मनाया जाएगा। सूर्य देव धनु राशि में 14 जनवरी तक विराजमान रहेंगे।
सूर्य का धनु राशि में प्रवेश (संक्रांति क्षण): सुबह 4:26 बजे रहेगा।
पुण्य काल: सुबह 7:09 से दोपहर 12:23 बजे तक रहेगा।
महा पुण्य काल: सुबह 7:09 से 8:53 बजे तक रहेगा।

स्नान दान का महत्व

धनु संक्रांति के दिन पवित्र नदी में स्नान और दान किया जाता है। इस दिन स्नान और दान का खास महत्व होता है। इस दिन भगवान सूर्य का विधि-विधान से पूजन किया जाता है। उनको अर्घ्य दिया जाता है। इस दिन पूजन करने से भगवान सूर्य आरोग्यता का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।