अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्वरूप को संजोने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सेवा संघ ने एक नई पहल की है। संगठन ने अल्मोड़ा स्थित ‘करबला’ नामक स्थल का नाम बदलकर स्थानीय इतिहास व सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप रखने की मांग की है।
सौंपा ज्ञापन
जिस पर इस संबंध में राष्ट्रीय सेवा संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को एक ज्ञापन सौंपा। यह कदम संगठन के मुख्य संरक्षक एवं उत्तराखंड अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता स्वामी दर्शन भारती के मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमांशु जोशी के नेतृत्व में उठाया गया। ज्ञापन सौंपने के दौरान स्वामी दर्शन भारती ने कहा कि अल्मोड़ा की पहचान चंद राजवंश, कत्यूरी विरासत, स्वतंत्रता संग्राम और सनातन संस्कृति से जुड़ी रही है। ऐसे में ‘करबला’ नाम का यहां के स्थानीय इतिहास और संस्कृति से कोई सीधा संबंध नहीं बैठता।
की यह मांग
वहीं संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमांशु जोशी ने बताया कि क्षेत्र की जनता चाहती है कि इस स्थान का नाम किसी स्वतंत्रता सेनानी, अमर शहीद या ऐतिहासिक महापुरुष के नाम पर रखा जाए। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस संबंध में जरूरी प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को संस्तुति भेजी जाए।
रहें उपस्थित
ज्ञापन सौंपने वालों में विनोद शुक्ला, आशुतोष पाठक, सोनू ठाकुर, महंत विजय गिरी, राहुल गिरी और अंकित भारती समेत संगठन के कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।