अल्मोड़ा: भारतीय जनता पार्टी अल्मोड़ा के नगर मंडल अध्यक्ष विनीत बिष्ट द्वारा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन प्रेषित कर अल्मोड़ा की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा शहर को एजुकेशन हब के रूप में विकसित करने हेतु ठोस नीति बनाए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहीं यह बात
इस ज्ञापन में कहा गया कि अल्मोड़ा सदैव उत्तराखंड की सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं शैक्षणिक पहचान का प्रमुख केंद्र रहा है। महान कलाकारों, साहित्यकारों एवं रंगकर्मियों की इस भूमि पर स्थापित उदय शंकर नाट्य अकादमी का उद्देश्य लोक कला, संगीत, रंगमंच एवं सांस्कृतिक परंपराओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना था, किन्तु वर्तमान समय में यह संस्थान अपने मूल उद्देश्यों से भटकता दिखाई दे रहा है।विनीत बिष्ट ने मांग की कि राज्य सरकार उदय शंकर नाट्य अकादमी के संरक्षण, आधुनिकीकरण एवं विस्तार के लिए दीर्घकालिक नीति तैयार करे, जिससे अल्मोड़ा की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिल सके। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रदेश के हजारों युवा उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए देहरादून, हल्द्वानी, दिल्ली एवं कोटा जैसे शहरों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। यदि योजनाबद्ध तरीके से अल्मोड़ा में शैक्षणिक संस्थानों, कोचिंग सेंटरों, पुस्तकालयों, छात्रावासों एवं डिजिटल शिक्षा सुविधाओं का विस्तार किया जाए तो अल्मोड़ा को उत्तराखंड के प्रमुख एजुकेशन हब के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा का शांत वातावरण, सांस्कृतिक समृद्धि एवं शैक्षणिक परंपरा इसे कोटा जैसे शहर की तर्ज पर विकसित करने के लिए उपयुक्त बनाती है। इससे स्थानीय युवाओं को बेहतर अवसर मिलने के साथ-साथ रोजगार, व्यापार, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।ज्ञापन में मुख्यमंत्री से अल्मोड़ा के समग्र सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक विकास के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने का आग्रह किया गया है।
रहें उपस्थित
ज्ञापन देने वालो मे नगर महामंत्री देवेंद्र भट्ट, नगर महामंत्री अर्जुन बिष्ट, जिला मंत्री मनोज जोशी,आनंद भोज,निशा बिष्ट,कमला तिवारी, सुधीर कुमार, कमल वर्मा मुस्तकीम मलिक, अभय साह,दीपिका बिष्ट, अभिषेक तिवारी, आदि अनेक लोग उपस्थित रहे।