नेशनल में सिल्वर से एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज़ तक: एशियन गेम्स में उत्तराखंड के लाल कपिल पोखरिया ने जीता कांस्य पदक

​उत्तराखंड: खटीमा (उधम सिंह नगर):‌जापान में आयोजित एशियन गेम्स में सीमांत क्षेत्र खटीमा (चकरपुर-महतगांव) के मुक्केबाज कपिल पोखरिया ने कांस्य पदक जीता है।

जीता यह पदक

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सेमीफाइनल मुकाबले में उज्बेकिस्तान के बॉक्सर से मिली हार के कारण उनका स्वर्ण पदक जीतने का सपना अधूरा रह गया, लेकिन उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। बुधवार को हुए कड़े मुकाबले में कपिल को पराजय का सामना करना पड़ा। बेटे की हार के बावजूद उनके पिता नरेंद्र सिंह पोखरिया के चेहरे पर फक्र साफ झलक रहा था। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “बेटा इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा और देश के लिए मेडल लाया, मेरे लिए तो यही गोल्ड मेडल के बराबर है। उसका सफर यहीं खत्म नहीं हुआ है, आगे अभी बहुत उम्मीदें हैं।” अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचने से पहले उन्होंने नेशनल गेम्स में रजत पदक अपने नाम किया था। खेल कोटे के तहत वर्ष 2019 में उनका चयन ‘कुमाऊं रेजीमेंट’ में हुआ। वर्तमान में वे कुमाऊं रेजीमेंट में हवलदार के पद पर तैनात हैं और सेना में रहते हुए ही उन्होंने अपनी बॉक्सिंग तकनीक को और धार दी।
​