आज से शुरू हो रहे हैं गुप्त नवरात्रि, जानिए घटस्थापना का शूभ मुहूर्त


हिंदी पंचाग के अनुसार साल में चार बार नवरात्रि मनाई जाती है। प्रथम चैत्र मास में पहली वासंतिक नवरात्रि, आषाढ़ मास में दूसरी नवरात्रि, आश्विन मास में तीसरी और माघ मास में चौथे नवरात्र आते हैं। इसमें से माघ मास व आषाढ़ गुप्त नवरात्र के रूप में जाने जाते है। नवरात्र में देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है, वहीं गुप्त नवरात्रि में दस महाविद्याओं मां काली, मां तारा देवी, मां त्रिपुर सुंदरी, मां भुवनेश्वरी, मां छिन्नमस्ता, मां त्रिपुर भैरवी, मां ध्रूमावती, मां बगलामुखी, मां मातंगी और मां कमला देवी की साधना की आराधना की जाती है।

10 महाविद्याओं की होती है साधना-

गुप्‍त नवरात्र‍ि की शुरुआत आज यानि 2 फरवरी 2022 दिन बुधवार से हो रही है। इस दौरान 10 महाविद्याओं (मां काली, तारा देवी, त्रिपुर सुंदरी, भुवनेश्वरी, माता छिन्नमस्ता, त्रिपुर भैरवी, मां ध्रुमावती, मां बंगलामुखी, मातंगी और कमला देवी) की साधना की जाती है।

गुप्त नवरात्रि का महत्व-

गुप्त नवरात्रि तंत्र साधना, जादू-टोना, वशीकरण आदि चीजों के लिए विशेष महत्व रखता है। इन दिनों तक मां दुर्गा की कठिन भक्ति और तपस्या की जाती है। खासकर निशा पूजा की रात्रि में तंत्र सिद्धि की जाती है। भक्ति और सेवा से प्रसन्न होकर मां दुर्लभ और अतुल्य शक्ति का वरदान देती है। साथ ही सभी मनोरथ सिद्ध करती हैं।

गुप्त नवरात्रि के घटस्थापना का शुभ मुहूर्त-

गुप्त नवरात्रि इस साल रवियोग व सर्वार्थसिद्धि योग में मनाए जाएंगे। माघ गुप्त नवरात्रि 2 फरवरी 2022, बुधवार से प्रारंभ हो रहे हैं, ऐसे में घटस्थापना इस दिन ही की जाएगी। घटस्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 7 बजकर 10 मिनट से सुबह 08 बजकर 02 मिनट तक है। नवरात्र में वसंत पंचमी व नर्मदा जयंती जैसे महापर्व भी आएंगे।