हल्द्वानी: जेल परिसर में बड़ी वारदात की साजिश धरी रह गई, SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस का त्वरित एक्शन—03 आरोपी गिरफ्तार, भेजे जेल

हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने समय रहते त्वरित कार्रवाई करते हुए जेल परिसर के समीप एक बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को नाकाम कर दिया है।

पुलिस की कार्यवाही

पुलिस ने बाजपुर निवासी एक युवक का पीछा कर उसे जान से मारने की धमकी देने और हमले की फिराक में घूम रहे 3 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि 25 अगस्त 2026 को बाजपुर के दीहोरी फार्म निवासी अराज सिंह सिद्धू ने थाना हल्द्वानी में तहरीर सौंपी थी। पीड़ित के अनुसार, 24 अगस्त को वह हल्द्वानी जेल में अपने मित्र से मिलने आया था। इसी दौरान सिल्वर रंग की वरना कार (UK06R-8499) में सवार होकर आए सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य व्यक्ति ने जान से मारने की नीयत से उसका पीछा किया और जेल परिसर के पास रोककर धमकी दी।

CCTV कैमरे से पकड़े गए आरोपी

इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के CCTV कैमरों की जांच और सुरागरसी के आधार पर तीनों अभियुक्तों को चिन्हित कर 25 अगस्त को धर दबोचा। इनके खिलाफ धारा 61(2)/351(2)(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
• ​सौरभ बावा (24 वर्ष) — निवासी बेरिया दौलत, बाजपुर (पूर्व में गदरपुर में हत्या/शस्त्र अधिनियम व बाजपुर में बलवा/धमकी के 2 मामले दर्ज)
• ​गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन (25 वर्ष) — निवासी बांसखेड़ी, केलाखेड़ा (गदरपुर में हत्या/शस्त्र अधिनियम व बाजपुर में मारपीट के 2 मामले दर्ज)
• ​मानव वाट (24 वर्ष) — निवासी दोराहा, बाजपुर (वर्ष 2022 का हत्या का मामला और 2026 में बलवा/धमकी का अभियोग दर्ज)
• पुलिस के अनुसार, इनका एक अन्य साथी जतिन्द्र सिंह (32 वर्ष) 24 अगस्त को ही 315 बोर के अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

एसएसपी का कड़ा संदेश

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि नैनीताल पुलिस संगठित अपराध और आपराधिक गैंगों पर पैनी नजर रख रही है। जेल परिसर, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर कोई भी आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।