हल्द्वानी: सेना अफसर के बेटे ने की खुदकुशी, फंदे से लटका मिला शव

हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ गिरिजा विहार (कमलुवागांजा) निवासी 22 वर्षीय एमबीए छात्र दिनेश माहरा ने सोमवार रात अपने घर के भीतर गेहूं के ड्रम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

जांच कर रही पुलिस

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतक के पिता गंगा सिंह माहरा असम राइफल्स में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, सोमवार रात दिनेश की परिवार के किसी सदस्य से बहस हुई थी। रात 9 बजे खाना खाकर वह अपने कमरे में गया, लेकिन मंगलवार सुबह जब वह बाहर नहीं निकला तो मां ने उसे सीढ़ी के रैक पर रखे नीले ड्रम में लटका पाया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस के मुताबिक दिनेश के हाथ पर कट के दो निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि उसने फांसी से पहले नस काटने की कोशिश की थी। पुलिस ने दिनेश का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।