हल्द्वानी: डंपर को 125 कुंतल भार की अनुमति के विरोध में एसडीएम को ज्ञापन

हल्द्वानी के गौला नदी में खनन के लिए रजिस्टर डंपर को 125 कुंतल भार ले जाने की अनुमति का मामला थम नहीं रहा है। मामले में खनन कारोबारियों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर बढ़ाए गए भार को वापस लेने की मांग की।

खनन कारोबारियों ने निर्णय वापस लेने की मांग उठायी:

सोमवार को डंपर एसोसिएशन गौला खनन से जुड़े खनन कारोबारी एसडीएम मनीष कुमार सिंह से मिले। इस दौरान पम्मी सैफी ने कहा कि गौला से 108 कुंतल आरबीएम लेकर जाने वाले कई डंपरों के चालान हो चुके हैं, और अब सरकार 125 कुंतल की अनुमति दे रही है। मनोज मठपाल ने कहा कि गौला चलने वाले 99 प्रतिशत वाहनों की भार क्षमता 90 कुंतल है ऐसे में वो 125 कुंतल भार कैसे ढो सकते हैं।

मामले में उचित कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट जाने की चेतावनी:

अरशद अय्यूब ने कहा कि 108 कुंतल ले जाने पर काई वाहनों के चालान काटे गए हैं अधिकारियों को पहले उसका हिसाब बराबर करना चाहिए। कारोबारियों ने कहा कि अधिकारी अपने 125 कुंतल भार के आदेश को वापस नहीं लेंगे तो वह कोर्ट जाने को बाध्य होंगे। मामले में एसडीएम मनीष कुमार सिंह ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

मौजूद रहे:

इस दौरान इंदर सिंह बिष्ट, पृथ्वी पाठक, दीपक नेगी, हरीश पांडे, सुशील यादव, कस्तुभ भट्ट आदि मौजूद रहे।