यहां अस्पताल में मेडिकल कराने आए दो पक्ष आपस में भिड़ गए जिसके बाद उपचार को आए रोगियों में हड़कंप मच गया । जब दोनों पक्ष नहीं माने तो पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस के पहुंचने तक दोनों पक्ष वहां से फरार हो गए।
जानें पूरा मामला
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मारपीट के बाद मेडिकल कराने आए हल्दूचौड़ निवासी दो पक्ष आपस में भिड़ गये। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से हुई मारपीट के चलते चिकित्सालय में आए रोगियों में हड़कंप मच गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉक्टर सीमा आर्य और डॉक्टर लव पांडे ने बमुश्किल मामले को सुलझाना चाहा, परंतु उसके बाद भी जब दोनों पक्ष नहीं रुके तो पुलिस को सूचना दी गई।
मारपीट के दौरान दोनों पक्ष एक दूसरे पर लगा रहे थे स्मैक तस्करी का आरोप
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों पक्ष प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से नौ दो ग्यारह हो गए। मारपीट के दौरान दोनों पक्ष एक दूसरे पर स्मैक तस्करी करने का आरोप भी लगा रहे थे, तथा दोनों ही पक्ष स्वास्थ्य केंद्र में अपना मेडिकल कराने पहुंचे थे कि आपस में ही दोनों के बीच मारपीट हो गई।
कुत्ते के काटने के चलते हुआ विवाद
पुलिस उपनिरीक्षक त्रिभुवन सिंह ने बताया कि कुत्ते के काटने के चलते दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर दोनों पक्ष भिड़ गए, तथा एक पक्ष ने दूसरे के खिलाफ स्थानीय कोतवाली में तहरीर भी दी है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।