हल्द्वानी से जुड़ी खबर है। यहां युवक की मौत पर बहन ने मोर्चरी में जमकर हंगामा काटा। महिला बार-बार भाई की हत्या किए जाने की बात कहती रही। पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
जानें पूरा मामला
शुक्रवार को मोर्चरी पहुंची सहाना नामक महिला ने हंगामा काटा। सहाना का कहना था कि उजालानगर वार्ड 30 में रहने वाला उसका भाई शहजाद (27) ऊंचापुल के पास ऑटो मैकेनिक का कार्य करता है। 13 मई की सुबह वह अपनी पत्नी के साथ अस्पताल गया था। दोपहर बाद उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। रात आठ बजे सूचना मिली कि उसके भाई का एक्सीडेंट हो गया है और वह स्टेडियम के पास बेसुध हालत में पड़ा है। मौके पर जाकर देखा तो भाई गंभीर रूप से घायल था। आनन-फानन में उसे एसटीएच भर्ती कराया गया। शुक्रवार सुबह भाई की मौत हो गई।
भाई के चेहरे पर थे धारदार हथियार के निशान
कहना था कि भाई के चेहरे पर धारदार हथियार के हमले के निशान थे। उन्हें यकीन है कि भाई की हत्या की गई है। काफी देर तक चले हंगामे के बाद कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने तहरीर मिलने पर जांच का आश्वासन दिया। फिलहाल पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।